लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, मंत्री ने लिया तुरंत संज्ञान
लखनऊ, 16 अप्रैल 2026 :नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो का संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। वीडियो में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एसडीओ अमित कुमार कथित तौर पर अनुशासनहीनता और लापरवाही दिखाते नजर आए थे।
मंत्री श्री शर्मा ने तुरंत पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से बात की और मामले की गहन जांच कराते हुए कड़ी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
एसडीओ अमित कुमार को तत्काल निलंबितमंत्री के निर्देश पर प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने एसडीओ अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
मऊ जिले के डिवीजन प्रथम के एसडीओ द्वितीय अमित कुमार के विरुद्ध वायरल आपत्तिजनक वीडियो के मामले में मुख्य अभियंता, आजमगढ़ ने भी त्वरित कार्रवाई की पुष्टि की है।
मंत्री का साफ संदेश : ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी छवि को धूमिल करने वाले और अनुशासनहीनता में लिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा, “इस प्रकार के मामले किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। दोषियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
यह त्वरित कार्रवाई विभाग में अनुशासन बनाए रखने और सरकारी कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में मंत्री के सख्त रवैये को दर्शाती है।







