पेड़ से लटकाकर हत्या का रचा था नाटक, मामा की तहरीर पर खुला सनसनीखेज मामला
लखनऊ/बदायूं। बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के तिगरा गांव में 10 वर्षीय बालक विशाल उर्फ गोपाल की मौत का मामला बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। जिस पिता ने पहले बेटे की हत्या को किसी अज्ञात व्यक्ति की करतूत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, वही बाद में अपने ही बेटे का कातिल निकला। पुलिस ने आरोपी पिता विजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि विजय सिंह जुए और शराब की लत में इस कदर डूब चुका था कि उसने अपनी पत्नी के जेवर तक बेच दिए थे। इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया था। पुलिस के अनुसार इसी गुस्से में उसने अपने मासूम बेटे की हत्या कर दी।
घटना के बाद विजय सिंह ने पुलिस को बताया था कि किसी ने उसके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। उस समय उसने किसी पर शक जाहिर नहीं किया और न ही कोई लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी थी।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब मृतक के मामा राजेश ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि विशाल की हत्या उसके पिता ने ही की है। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर विजय सिंह को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घर से रस्सी लेकर निकला और रास्ते में खेल रहे विशाल को बहाने से खेत की ओर ले गया। वहां उसने पहले बेटे के गले में रस्सी बांधी और फिर पेड़ की डाल पर फंदा डालकर रस्सी खींच दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
रिश्तों पर क्यों पड़ रही ‘नज़र’?
लत, तनाव और टूटता संवाद बना रहे खतरनाक हालात : परिवार जैसे सुरक्षित रिश्तों में दरार की घटनाएं अब चिंता बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि नशे की लत, आर्थिक दबाव और आपसी संवाद की कमी रिश्तों को कमजोर कर रही है। गुस्सा और तनाव जब काबू से बाहर हो जाते हैं, तो हालात खतरनाक रूप ले लेते हैं। ऐसे मामलों से साफ है कि परिवार में संवाद, समझदारी और समय पर मदद लेना बेहद जरूरी है, ताकि रिश्ते सुरक्षित रहें और ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।







