लखनऊ/अयोध्या : पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने महिलाओं को निशाना बनाते हुए बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। अयोध्या के इनायतनगर थाना क्षेत्र के परसपुर सथरा पूरे निध्या पांडे गांव में 17 अप्रैल की देर रात घर में घुसकर तीन महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
पुरानी दुश्मनी निकाली महिलाओं पर
पीड़िता ममता देवी (पत्नी चंद्रभूषण) ने आरोप लगाया कि जब घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था, तभी गांव के ही संतोष पांडे, मनोज पांडे, विश्वनाथ, कंचन और जमुना ने पहले घर के बाहर लगे फूलों के पौधे उखाड़ दिए। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर घर में घुसकर हमला बोल दिया।
ममता, उनकी मां शांति देवी और बहन अर्चना पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। तीनों महिलाएं लहूलुहान होकर बेहोश हो गईं। हमलावर जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।
गंभीर हालत, टांके लगेघायलों को तुरंत दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि एक महिला को 32 टांके, दूसरी को 10 और तीसरी को 8 टांके लगे। एक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पहला हमला नहीं, पहले भी मारपीट हो चुकी
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। 26 नवंबर 2025 को भी इसी गिरोह ने मारपीट की थी, लेकिन पुलिस की नरम कार्रवाई से आरोपियों के हौसले बढ़ गए। अब परिवार पूरे दहशत में जी रहा है।
प्रशासन पर दबाव, आत्मघाती कदम की चेतावनी
पीड़ितों ने प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।
क्षेत्राधिकारी पियूष ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। यह वारदात ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा और दबंगों के बढ़ते मनोबल को लेकर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग अब प्रशासन की सख्ती पर नजरें टिकाए हुए हैं।






