पीएम मोदी की अपील: गर्मी से बचाव और पशु-पक्षियों का ख्याल रखें
नई दिल्ली : देश के 80-90% हिस्से में तेज गर्मी और लू की चपेट में रहने के बीच राहत की खबर आई है। मौसम विभाग के अनुसार, कल (29 मई) से 5 जून तक कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है।
बता दें कि यह बारिश इसलिए खास महत्व रखती है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। मानसून की घोषणा के लिए केरल के 14 स्टेशनों पर लगातार दो दिनों तक कम से कम 2.5 मिमी बारिश जरूरी है। IMD ने 26 मई को मानसून के केरल पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन नमी की कमी और दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कमजोर पड़ने से इसमें देरी हो रही है।
यूरोपीय मौसम केंद्र (ECMWF) के सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा के आधार पर जारी पूर्वानुमान में अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में अच्छी बारिश के संकेत मिले हैं।
पीएम मोदी की अपील: गर्मी से बचाव और पशु-पक्षियों का ख्याल रखें
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए देशवासियों से खास अपील की है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा:“देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। गर्मी से कई कठिनाइयां बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, बरतें।”
प्रधानमंत्री के मुख्य सुझाव:
- भरपूर मात्रा में पानी पिएं, खुद को हाइड्रेट रखें
- घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें
- पशु-पक्षियों का भी ख्याल रखें
- हीट वेव से बचाव के टिप्स अपनाएं
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। यात्रा या खेतों में काम करते समय सतर्क रहें। फिलहाल राहत की इस खबर के साथ गर्मी से थके लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।







