डीएम पहुंचे टिकवांपुर, रवींद्र मिश्र द्वारा समर्पित भवन में पुस्तकालय व आंगनबाड़ी केंद्र का किया शुभारंभ
पैतृक आवास को देखा, तहसीलदार घाटमपुर को जीर्णोद्धार के दिए आदेश, महाकवि भूषण की प्रतिमा को किया नमन
कानपुर : घाटमपुर के टिकवांपुर स्थित महाकवि भूषण का पैतृक गांव अब उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र की साझा संस्कृति का केंद्र बनेगा। कारण,वो यहां पैदा हुए और कर्मस्थली महाराष्ट्र को बनाया। इसलिए यह स्थल वंदनीय है। यहां महाकवि भूषण से जुड़े साहित्य के साथ ही विशाल पुस्तकालय अब युवाओं को आगे बढ़ाने में मददगार बनेगा, जिसका शुभारंभ बुधवार को डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। इसमें शिवा बावनी समेत आज से 413 साल पहले के महाकवि भूषण द्वारा लिखित ग्रंथों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी किताबें भी रखी जाएंगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को शिक्षा मिलेगी व निकट भविष्य में महिलाओं के लिए चिकित्सा केंद्र भी खोलने का प्रस्ताव है।
गांव में पुस्तकालय व आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ करने व पूरे परिसर का भ्रमण करने के बाद मंच पर पहुंचे डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि दो माह पहले जब रवींद्र मिश्र आए तो लगा कि कुछ मांगने आए होंगे, लेकिन ये तो देने आए थे। इन्होंने अपना घर प्रशासन को दिया व आज यहां इतना सब कार्य हो रहा है। लोगों को लेने के बजाय देने वाला बनना चाहिए। इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए व समाज के लिए कुछ अवश्य करना चाहिए। यह प्रयास टिकवांपुर को नई पहचान देगा।
वर्ष 1613 में इसी धरती पर पैदा हुए महाकवि को आज उनके कार्यों के कारण ही याद किया जा रहा है। ऐसे ही आगे जो लोग करेंगे,उन्हें याद किया जाएगा। गांव में तालाबों के संरक्षण को लोग आगे आएं। प्रकृति बचेगी, तभी हम सब सुरक्षित रहेंगे। इसके बाद उन्होंने महाकवि भूषण के पैतृक आवास में क्षतिग्रस्त प्राइमरी पाठशाला के भवन का निरीक्षण किया। तहसीलदार को जर्जर भवन को दुरुस्त करवाकर जीर्णोद्धार कराने के लिए कहा। इस भवन के कमरों में ग्रामीण भूसा भंडारण व मवेशी पालन कर रहे हैं, जिसे देख नाराजगी जताई। डीएम ने महाकवि भूषण के पैतृक आवास के भवन को तत्काल कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए।
पढ़े इससे सम्बंधित खबर : महिला अस्पताल खोलने के लिए सरकार को दे दिया नवनिर्मित मकान : https://shagunnewsindia.com/newly-constructed-house-donated-to-the-government-for-the-establishment-of-a-womens-hospital/
इसके बाद स्थल पर पहुंचकर महाकवि भूषण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। महिला अस्पताल एवं प्रसूति केंद्र के लिए भवन दान करने वाले रवींद्र मिश्र ‘विपिन’ ने कहा कि गांव से दूर होने के कारण प्रतिमा स्थल पर पहुंचना बाहरी व्यक्तियों के लिए दुष्कर होता है। इसलिए यहां की व्यवस्थाएं और दुरुस्त कराई जाएं। इसपर डीएम ने आश्वासन दिया।
पढ़े इससे सम्बंधित खबर : महिला रुग्णालयासाठी नवनिर्मित घर सरकारला दान केले : https://shagunnewsindia.com/newly-constructed-house-for-womens-hospital-donated-by-government/
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नागेंद्र त्रिपाठी, आनंद मिश्र ‘छूनी’, पुरोहित महेश त्रिपाठी, सरस यादव, राम कृपाल, अनिल मिश्रा, पूर्व प्रधान रामगोपाल, धर्मेंद्र सिंह, अजीत यादव व केशवराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







