हाई एल्टीट्यूड सिकनेस ने किया शिकार, एक सांसद के नाक-मुंह से खून आने लगा
लखनऊ/दिल्ली: लेह-लद्दाख के उच्च पर्वतीय क्षेत्र में आधिकारिक दौरे पर गए उत्तर प्रदेश के चार सांसदों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कम ऑक्सीजन और तेज मौसम के कारण हाई एल्टीट्यूड सिकनेस (उच्च ऊंचाई वाली बीमारी) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।सबसे गंभीर स्थिति लालगंज सांसद की रही। उनकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि नाक और मुंह से खून आने लगा। उन्हें तुरंत दिल्ली स्थित AIIMS में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी को सांस लेने में गंभीर दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट देना पड़ा। बाकी दो सांसदों की हालत भी बिगड़ने पर उन्हें होटल पहुंचाकर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, समुद्र तल से बहुत ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर अचानक कम हो जाने से शरीर अनुकूलित न होने पर यह समस्या आम है। सभी सांसद एक सरकारी कार्यक्रम के तहत लद्दाख गए थे।
फिलहाल सभी सांसदों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सक उनकी निरंतर निगरानी कर रहे हैं।






