सपा, बसपा, प्रसपा व कांग्रेस से दो दर्जन से अधिक पदाधिकारियों व पूर्व पदाधिकारियों ने आप की ली सदस्यता
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी ने यूपी में भी अपना पांव फैलाने की प्रक्रिया में तेजी ला दिया है। रविवार को आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं राज्य सभा सदस्य संजय सिंह के नेतृत्व में आप ने विभिन्न मांगों को लेकर एक रैली निकाली। इसके साथ ही लखनऊ के गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में आप नेता ने सपा, बसपा, कांग्रेस व प्रसपा से दो दर्जन से अधिक पदाधिकारियों व पूर्व पदाधिकारियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर आप नेता व राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि यूपी की जनता जाति और धर्म की राजनीति से ऊब चुकी है। अब यहां मुद्दों पर आम आदमी बात करेगा। हमारी पार्टी यूपी के पंचायत चुनाव में उतरेगी और मजबूती के साथ आम जन के मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने बताया कि यूपी में पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने की ओर कदम बढ़ा दिया है। हर आदमी यहां की जाति-धर्म की राजनीति से उब चुका है। ऐसे में सभी आम आदमी पार्टी की ओर देख रहे हैं। पार्टी यहां आम आदमी को आम परेशानियों से निजात दिलाने के लिए लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में 24 फरवरी से 22 मार्च तक सदस्यता अभियान चलाएंगेे। इस अभियान के माध्यम से 25 लाख सदस्य बनाएंगे। अगले 90 दिनों में एक लाख सात हजार गांवों में हमारे कार्यकर्ता भ्रमण करेंगे। गांव-गांव, घर-घर जाकर कार्यकर्ता लोगों से वार्ता कर मुद्दों के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। तीन महीने में सारा फीडबैक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सौंपा जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति तय होगी।
संजय सिंह ने कहा कि हमारा फोकस यूपी के किसान और नौजवान होंगे। दिल्ली में गरीब से गरीब बच्चे को अब सरकारी स्कूलों में शिक्षा मिल रही है। वहां मोहल्ला क्लीनिक से इलाज मिल रहा है, जबकि यूपी की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। हर नौजवान यहां सरकार की ढकोसला से निराश है। उन्हें सही राजनीतिक विकल्प की जरूरत है। इसके पहले आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में रवींद्रालय से लेकर गांधी भवन तक विजय जुलूस निकाला।







