75 जिलों में अभियान और लखनऊ घेराव का ऐलान, बोले- युवाओं का भविष्य बार-बार बर्बाद क्यों?
प्रयागराज/लखनऊ, 1 जून 2026। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पेपर लीक के मुद्दे पर प्रयागराज में छात्रों के साथ बंद कमरे में शांतिपूर्ण चर्चा की, लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही प्रशासन पहुंच गया और इसे रोकने की कोशिश की। इस घटना के बाद संजय सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं की आवाज को दबाने पर उतर आई है।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि नीट से लेकर दरोगा, लेखपाल और पुलिस भर्ती तक भाजपा शासन में लाखों युवाओं का भविष्य पेपर लीक की भेंट चढ़ गया है। उन्होंने कहा, “बंद कमरे में छात्रों से बातचीत करने की भी इजाजत नहीं दी जा रही है। उत्तर प्रदेश में तानाशाही चरम पर है।”
भाजपा पर सीधा हमला
संजय सिंह ने कहा कि परीक्षाएं उन कंपनियों को सौंपी गईं, जो पहले से ब्लैक लिस्टेड थीं। “भाजपा को चंदा देने वाली इन कंपनियों को संरक्षण मिला हुआ है, इसी कारण युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है।”
उन्होंने पिछले वर्षों के कई बड़े पेपर लीक का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से लेकर 2026 तक दरोगा, लेखपाल, पुलिस, शिक्षक भर्ती, UPPSC, SSC और नीट जैसी परीक्षाओं में लगातार धांधली हुई है।
वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें – https://x.com/i/status/2061353673398349923
बड़ा ऐलान : पेपर लीक चर्चा पर अभियान चलेगा
संजय सिंह ने घोषणा की कि अब आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में “पेपर लीक पर चर्चा” अभियान चलेगी। हर जिले में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद किया जाएगा। इसके बाद राजधानी लखनऊ में बड़ा घेराव करके सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
उन्होंने कहा, “युवाओं की आवाज को लाठी और प्रशासन के दम पर नहीं दबाया जा सकता। जितना दमन होगा, संघर्ष उतना ही मजबूत होगा।”
छात्रों का आह्वान
संजय सिंह ने छात्रों से अपील की कि वे संगठित होकर इस लड़ाई को आगे बढ़ाएं। उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाया कि कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई क्यों हो रही है, जबकि असली दोषी एजेंसियों और सरकारी संरक्षण पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।







