22 अक्टूबर से महिला आंनगबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश भर की आंगनबाड़ी महिलाएं करेंगी हड़ताल
लखनऊ। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सम्पंन हुयी। जिसमें 22 अक्टूबर को अनिश्चिकालीन हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एवं हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव गिरीश पाण्डेय ने की। महामंत्री नीलम पाण्डेय ने 22 अक्टूबर को हड़ताल किए जाने का प्रस्ताव रखा, जहां कार्यकारिणी समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि 22 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित वजन दिवस सहित सभी कार्यक्रम का आंगनबाड़ी महिलाएं बहिष्कार करेंगी। यह हड़ताल तब तक चलेगी जब तक प्रदेश सरकार चुनाव के समय किए गए वायदों को पूरा नहीं कर देती है।
अध्यक्षता करते हुए गिरीश पाण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र के अनुसार आंगनबाड़ी महिलाओं के लिए कृषि आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी की अवधि समाप्त हो गई है और अभी तक आंगनबाड़ी महिलाओं के पक्ष में कोई रिपोर्ट नहीं आयी है। संकल्प पत्र में विभागीय स्तर पर हुए घोटालों की जांच कराए जाने सहित तमाम मुद्दे शामिल थे। चूंकि अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया लिहाजा विवश होकर हड़ताल किए जाने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी से महिलाओं में काफी नाराजगी है। जिसके कारण मजबूर होकर कार्यकारिणी ने हड़ताल किए जाने का फैसला लिया गया है। बैठक में रतनबाला श्रीवास्तव, किताबुन निशा, सुनन्दा तिवारी, राजेश शर्मा, मीरा दूबे, माया सिंह, श्यामलता सिंह, मीना कुमारी, रेनू बाला, रामदेवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित हुयीं।







