लखनऊ । बी. एस. एन. वी. पी. जी. कॉलेज, लखनऊ में शुरू हुई पाँचवीं आर. के. शुक्ला स्मारक इंटर कॉलेजिएट ओपन चेस चैम्पियनशिप के दूसरे चक्र में पहले बोर्ड पर शीर्ष वरीय आरिफ अली (रेटिंग 2039) और अभिनव कीर्ति वर्मन (रेटिंग 1508) के बीच मुकाबला ड्रा पर समाप्त हुआ। अभिनव ने मध्य खेल में आरिफ के हमलों को सफलतापूर्वक रोकते हुए आधा अंक प्राप्त किया।

वहीं, दूसरे बोर्ड पर शान तिवारी (रेटिंग 1507) और पवन बाथम (रेटिंग 1983) के बीच लंदन सिस्टम खेला गया, जिसमें पवन ने मध्य खेल में किंग साइड पर प्रभावशाली आक्रमण करते हुए शान को बाजी छोड़ने पर मजबूर कर पूरा अंक अर्जित किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन मैनजमेंट कमेटी के कोषाध्यक्ष हरिहर स्वरूप श्रीवास्तव द्वारा शतरंज बोर्ड पर पहली चाल चलकर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो संजय मिश्र, आयोजन सचिव कृष्ण चन्द्र तथा प्रो. ज्योति काला भी उपस्थित रहीं।
दूसरे चक्र की समाप्ति के बाद अंक स्थिति इस प्रकार रही:
पवन बाथम, शरद शर्मा, लक्ष्य निगम, डेविड युंग, आरव गुप्ता, रवी शंकर, आभास जिंदल, शनि कुमार सोनी एवं अर्जुन सिंह ने 2-2 अंक के साथ संयुक्त बढ़त बना रखी है।







