ऊँचाहार (रायबरेली)12 मई, 2021: कोरोना काल में अनेक विषमतापूर्ण खबरों के बीच एक सुकून भरी खबर आयी। पहली बार ऐसा होगा कि जब ऊँचाहार के बाल साहित्यकार पिता व गायन सीख रही पुत्री अपनी अलग पहचान लिये एक ही मंच पर सम्मानित होंगे।
जानकारी के अनुसार प्रतिभाशाली बच्चों को उनकी प्रतिभा के लिये प्रोत्साहित करने वाली मथुरा की संस्था तुलसी साहित्य-संस्कृति अकादमी ने जिले के बाल साहित्यकार अरविंद कुमार साहू की बिटिया एंजेल गाँधी को उसकी उभरती हुई गायन प्रतिभा के लिये तुलसी कला साधिका सम्मान- (गायन) देने का निर्णय किया है । बाल गायिका एंजेल मधुर आवाज की धनी है और उसे अब तक देश भर से कई पुरस्कार मिल चुके है।
वहीं मथुरा से ही एक अन्य संस्था पण्डित हर प्रसाद पाठक स्मृति बालसाहित्य पुरस्कार समिति ने अरविंद कुमार साहू को उनकी चर्चित काव्य पुस्तक – “नीम भवानी” के लिये बाल साहित्यश्री सम्मान-2021से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह पुस्तक उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के आर्थिक अनुदान से प्रकाशित हुई है। श्री साहू अब तक 18 पुस्तकें व 500 से अधिक रचनाएँ लिख चुके हैं और हिन्दी के बाल साहित्यकारों में उनकी पहचान स्थापित हो चुकी है। उन्हें भी अब तक अनेकों सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
श्री साहू ने बताया कि दोनों संस्थाएं एक दूसरे की सहयोगी हैं और एक ही मंच से उनके कार्यक्रम संपन्न होंगे। कोरोना काल समाप्त होने के बाद मथुरा में आयोजित किये जाने वाले भव्य समारोह में सभी को अंग वस्त्र, प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह आदि देकर सम्मानित किया जायेगा। उत्साहित करने वाली इस खबर के लिये शुभ चिन्तकों द्वारा पिता-पुत्री को लगातार ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं।







