- 2014 के बाद से बंद थी बीमा कराने की प्रक्रिया, बेसिक शिक्षा मंत्री ने की पहल
- 3000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर पांच लाख का होगा बीमा, जल्द ही जारी होगा नोटिफिकेशन
- उपेंद्र नाथ राय
लखनऊ, 22 अप्रैल 2020: बेसिक शिक्षा परिषद शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को सामूहिक जीवन बीमा कराएगा। इसके लिए जल्द ही आदेश जारी होगा। यह जीवन बीमा कराने के लिए किसी को बाध्य भी नहीं किया जाएगा। हर एक के लिए इसे ऐच्छिक रखने की तैयारी है। यह जीवन बीमा 3000 के वार्षिक प्रिमियम पर पांच लाख को होगा। यह बातें उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री डॉक्टर सतीश द्विवेदी ने कही।
उन्होंने बताया कि इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। इसके लिए किसी पर दबाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले जीवन बीमा कराया जाता था, लेकिन उसके बाद से विभाग में जीवन बीमा कराना बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी करने के बाद हमने इस ओर अपने कर्मियों के हित में कदम बढ़ाया। सामूहिक जीवन बीमा कराने से प्रीमियम काफी कम हो जाता है, जो कर्मचारियों के लिए राहत देगा। इस कारण यह योजना बनाई गयी है।
डॉक्टर सतीश द्विवेदी ने कहा कि हमारा सबसे पहला दायित्व कर्मचारी विशेषकर शिक्षक वर्ग का हित देखना है, जहां तक हो सके हर वक्त उनको सुविधा पहुंचाने की कोशिश कर रहा हूं। मेरा मानना है कि जब वे अपने प्रोफेशन से संतुष्ट होंगे, तब ही पठन-पाठन का अच्छा माहौल बन सकता है। शासन या कोई अधिकारी अध्यापक पर दबाव बनाकर क्लास में पहुंचने, समय से स्कूल आने काे तो बाध्य कर सकता है लेकिन बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अच्छी शिक्षा तो जब अध्यापक चाहेगा तभी बच्चों को मिल सकती है।
उन्होंने अध्यापकों का एक से दूसरे जनपद के तबादले की प्रक्रिया के संबंध में कहा कि अभी लाकडाउन के कारण प्रक्रिया की गति धीमी है। वह भी जल्द ही घोषित किये जाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अध्यापकों को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉक्टर सतीश द्विवेदी ने कहा कि बच्चों का ड्रेस समय से वितरित हो, इस पर जोर दिया जा रहा है और इसकी प्रक्रिया चल रही है।







