उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप 2025
सीतापुर: स्थानीय दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर शिक्षा संस्थान में आज उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर ओपन चेस चैंपियनशिप ‘इंटरनेशनल रेटिंग प्रतियोगिता’ का शुभारंभ हुआ। इसमें 21 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 60 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त खिलाड़ी शामिल हैं।

पहले चक्र में 12वीं वरीयता प्राप्त शाहजहांपुर के आयुष सक्सेना (रेटिंग 1715) को लखनऊ के अनरेटेड खिलाड़ी आरव गुप्ता ने कारोकान डिफेंस में मात्र 24 चालों में पराजित कर प्रतियोगिता का पहला बड़ा उलटफेर किया, जबकि 21वीं वरीयता प्राप्त आगरा के गौरांग गोयल की अंत खेल में की गई चूक का फायदा उठाते हुए आगरा की ही अनरेटेड खिलाड़ी भक्ति गुप्ता ने अपनी स्टेलमेट कराते हुए बाजी ड्रा कर अंक बांटने को मजबूर किया, जिससे प्रतियोगिता का दूसरा उलटफेर हुआ। अन्य सभी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अपनी-अपनी बाजियां जीतकर 1-1 अंक के साथ संयुक्त बढ़त बनाए हुए हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सीतापुर के जिलाधिकारी अभिषेक आनंद द्वारा बोर्ड पर पहली चाल चलकर किया गया। इस मौके पर आल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष ए. के. रायजादा और सीतापुर शिक्षा संस्थान की चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा भी मौजूद रहीं।







