पटना । मैट्रिक की परीक्षा 21 से शुरू हो रही हैं और 28 फरवरी तक चलेंगी। मैट्रिक परीक्षा कदाचार मुक्त हो इसके लिए केंद्राधीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं। मैट्रिक परीक्षा 2018 में कुल 17 लाख 68 हजार 456 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें छात्रों की संख्या 8,91,107 और छात्राओं की 8,77,349 है। परीक्षा में छात्र की तुलना में 13 हजार 758 छात्राएं कम शामिल होंगी। परीक्षा दो पाली में होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 से 12.45, दूसरी पाली 2 से 5.15 बजे तक होगी। दोनों पाली में एक ही विषय की परीक्षा ली जाएगी। प्रथम पाली में 8,99,813 और दूसरी पाली में 8,69,457 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रदेशभर में 1426 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली बार मैट्रिक परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रश्न के लिए ओएमआर दिए जाएंगे। परीक्षार्थियों को ओएमआर पर उत्तर भरने होंगे। ओएमआर भरने के लिए परीक्षार्थियों को डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा। मैट्रिक परीक्षा में इस बार 16 ट्रांसजेंडर भी शामिल होंगे। सबसे ज्यादा छह ट्रांसजेंडर ने सुपौल जिला से परीक्षा फार्म भरा है। मधेपुरा से तीन, सारण से दो और प. चंपारण, रोहतास, बक्सर, जमुई, भोजपुर से एक-एक ट्रांसजेंडर परीक्षा में शामिल होंगे।







