पटना, 27 सितम्बर 2018: पटना विश्वविद्यालय कैंपस में बुधवार को छात्र नेता कर्मवीर यादव पर जानलेवा हमले के खिलाफ आज जन अधिकार छात्र परिषद ने पूरे विश्वविद्यालय बंद करा अपना रोष दर्ज कराया। इसका नेतृत्व छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम आनंद ने किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी भी की और अशोक राज पथ को भी जाम कर दिया। प्रदर्शनरत छात्रों का नेतृत्व करते हुए गौतम आंनद ने कर्मवीर यादव की बुरी तरह पिटाई का आरोप अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पर लगाया।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से एबीवीपी के गुंडों के द्वारा पटना कॉलेज में छोटे भाई छात्र परिषद के साइंस कॉलेज अध्यक्ष कर्मवीर यादव को मारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया है, यह कहीं से भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मवीर यादव फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें सर में गंभीर चोटें आईं है और पूरे सर की सिलाई हुई है।
उन्होंने कहा कि पटना विश्वविद्यालय के संघियों और एबीवीपी के गुंडों के लिये यह आखिरी कील साबित होगी। गुंडों ने अब कैंपस में मॉब लिंचिंग करना शुरू कर दिया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
बंद के दौरान पीयूएसयू के संयुक्त सचिव सह छात्र परिषद के नेता आजाद चांद, विशाल, मनीष, सन्नी, रोहन समेत सैकड़ों छात्र शामिल हुए।







