मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस और अपराधियों के लिए राम नाम सत्य के जाप की पोल खुल रही है। चार दिन में ही उनके विकास की बत्ती गुल हो गई है। बिजली विभाग ने मुख्यमंत्री जी के वी.आई.पी. गृह जनपद गोरखपुर में उन्हीं के द्वारा उद्घाटित गुरू गोरक्षनाथ घाट और रामघाट की बिजली काट दी है। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कही।
रविवार को ही गौतमबुद्धनगर के बसपा कोआर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम ने अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मनोज कुमार गौतम के साथ रंजीत सिंह पूर्व सदस्य एससी-एसटी आयोग भारत सरकार, दिवाकर गौतम कोआर्डिनेटर अलीगढ़-आगरा मण्डल, गुरदीप सिंह पूर्व जिलाध्यक्ष गुफरान कुरैशी पूर्व जिला महासचिव, बुलन्दशहर तथा कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव श्री साजिद सैफी भी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।
इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आलम यह है कि बीमारी से ज्यादा लखनऊ पीजीआई में इलाज के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दे रही मरीजों और तीमारदारों को दर्द नहीं समझ पा रहे हैं, लोग डाक्टर से पर्चा दिखाने के लिए ओपीडी नहीं जा पा रहे, कैसे हो इलाज?
भाजपा सरकार में पेट्रोल-डीजल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि सीएम के गृह जनपद गोरखपुर के करीब सीमावर्ती इलाकों के लोग नेपाल जाकर तेल भराने को मजबूर है। मंहगाई कम करने के नाम पर वोट लेने के बाद क्यों मंहगाई की आग में जला रही भाजपा? 70 सालों में भी जो मंहगाई नहीं आई उसे भाजपा सरकार ने सालभर में कर डाला।
सच तो यह है कि भाजपा के कुराज का असर देश-प्रदेश पर पड़ रहा है। विकास के नाम पर विनाश का तांडव मचाने वालों ने जनता को मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की आग में झोंक दिया है। अब जनता भाजपा को हमेशा के लिए छुट्टी देने के लिए तैयार बैठी है।