रिपोर्ट: डॉ दिलीप अग्निहोत्री
लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र धार्मिक नगरी के रूप में भी प्रसिद्ध है। यहां के चंद्रिका देवी धाम में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते है। वर्तमान सरकार ने तीर्थ स्थलों के विकास हेतु अभूतपूर्व कार्य किये है। सदियों के बाद आस्था के स्थलों को भव्य रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें चंद्रिका देवी धाम भी शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां चुनावी सभा में यहां के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंद्रिका देवी के सुंदरीकरण का कार्य प्रगति पर है। बक्शी का तालाब आने वाले समय में लखनऊ का हजरतगंज हो जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने बीकेटी से भाजपा प्रत्याशी योगेश शुक्ला के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित किया।
उन्होंने यहां के प्रतिष्ठित राजनेता रहे भगवती सिंह का स्मरण किया। इस प्रसंग से उन्होंने असली और नकली समाजवाद को रेखांकित किया। कहा कि भगवती सिंह सदैव ईमानदारी से गरीबों वंचितों की सेवा में समर्पित रहे। वह सच्चे अर्थों में समाजवादी थे। जबकि इस समय कुछ लोग समाजवाद की खाल ओढ़ करके समाज को बेवकूफ बनाने आए हैं।
वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया। अवैध बूचड़खानों को बंद किये गए। एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बनाई गई। जिन माफियाओं ने सत्ता के संरक्षण में गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रखा था, उसे कब्जा मुक्त कराकर उनको वापस दिलाने का काम हमने किया। बीकेटी में किसान पथ बन रहा है।
किसान पथ बनने के बाद बक्शी का तालाब आने वाले समय में लखनऊ का हजरतगंज हो जाएगा। विकास की एक नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। लखनऊ की मेट्रो बक्शी के तालाब तक आकर अपनी सेवा आप लोगों को प्रदान करेगी। उत्तर प्रदेश विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। लखनऊ के दो लाख दस हजार से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।
हमने संकल्प लिया है अगले पांच सालों में दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट और स्मार्ट फोन देंगे। एक करोड़ वृद्धजनों व विधवा महिलाओं को दिव्यांगजनों को बारह हजार रुपये सालाना पेंशन प्रदान की जा रही हैं। पन्द्रह करोड़ गरीबों को महीने में दो बार फ्री में राशन की सुविधा उपलब्ध कराया जा रही है।