ठंड में गरीबों को कम्बल देना सबसे बड़ा पुण्य : अपर श्रमायुक्त
ठंड के दिन में गरीबों को बिस्तर व कंबल देना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उसमें भी यह देखकर दिया जाना ज्यादा श्रेष्ठ है कि वह गरीब उसका प्रयोग करे, क्योंकि आज कल कई जगह ऐसा भी देखने को मिलता है कि चंद पैसों की लालच में वह कंबल को बेंच देता है। इस लिहाज से स्वर्गीय अशोक कुमार जन सेवा समिति ने काम में लगे मजदूरों को कंबल देने का निश्चय कर सराहनीय काम किया है। ये गरीब निश्चय ही इस कंबल का स्वयं प्रयोग करेंगे। ये बातें लखनऊ मंडल के अपर श्रमायुक्त बीके राय ने कही।
वे स्वर्गीय अशोक कुमार जन सेवा समिति के कंबल वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह कार्यक्रम वृंदावन योजना के अंतर्गत बन रहे कैलाश अपार्टमेंट में आयोजित हुआ। इस अवसर पर डेढ़ सौ मजदूरों को कम्बल वितरित किया गया। बीके राय ने कहा कि गरीब की सेवा करना ईश्वर की पूजा से बेहतर माना गया है। हमारे धर्मशास्त्र भी पुण्य कर्म को बेहतर मानते हैं। मजदूर वर्ग के लोग इस ठंड में भी अपना घर छोड़कर बाहर नौकरी करते हैं और कई बार सड़क किनारे ही सोने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
इस अवसर पर अपर श्रमायुक्त अपने पूरे परिवार के साथ आयोजन में पहुंचे थे। उनकी पत्नी व दोनों बच्चे तपन और तुषार ने भी कबंल बांटने में सहयोग किया। संस्था के पदाधिकारी रेखा पांडेय, ममता पांडेय, अनिल कुमार पांडेय सुबह से ही कार्यक्रम की व्यवस्था में जुटे रहे।







