पाकिस्तान के तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके नवाज शरीफ को अभी 3 दिन पहले भ्रष्टाचार के एक और मामले में 7 साल की कारावास और $25 लाख डॉलर के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। इससे पहले इसी साल जुलाई में भ्रष्टाचार के एक अन्य मामले में उन्हें 10 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई गई जा चुकी है। ऐसे में भ्रस्टाचार के मामले में उन्हें सजा देने की प्रक्रिया में जो तेजी सामने आ रही है।

उसे देखते हुए नवाज शरीफ और उनके परिवार की पाकिस्तान की राजनीति से सफाये के संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि शरीफ की बेटी मरियम और दामाद भी ऐसे ही मामले में सजा काट रहे हैं। इसी के साथ उनकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग का भविष्य अंधकार की ओर ही बढ़ता दिख रहा है। हालाँकि एक पूर्व प्रधानमंत्री को भ्रस्टाचार मामले में कठोर सजा देकर वहां कि न्यायपालिका यह सन्देश भी दे रही है कि कानून से बड़ा कोई नहीं हो सकता है और वह चाहे कितने भी बड़े पद पर क्यों ना रहा हो, उसे सजा जरूर मिलेगी।
देखे तो भ्रस्टाचार के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी जेल की सजा काट चुके हैं। दरअसल पनामा पेपर मामले में नाम आने के बाद से ही नवाज शरीफ की मुश्किलों का दौर शुरू हो चुका था। तब खुलासा हुआ था कि नवाज और उनके परिवार की विदेशों में अरबों की बेनामी संपत्तियां हैं और यह सब उनके पद के प्रभाव के दुरुपयोग का ही नतीजा था। इसके बाद सर्वोच्च न्यायालय ने उनके आजीवन चुनाव लड़ने पर प्रतिबंधित कर दिया था और उन्हें प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था।

नवाज शरीफ के खिलाफ मुकदमे और उन्हें मिली सजा को लेकर पहले से ही ऐसा खेल देखने को मिलता रहा है। एक समय बेनजीर भुट्टो भी सत्ता में थी तब उनके पति आसिफ अली जरदारी को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। आज इमरान खान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री हैं लेकिन पूर्व में उनकी बहन की भी संयुक्त अरब अमीरात में कई 100 करोड़ों की बेनामी संपत्तियों का खुलासा हुआ था। इसी तरह पाकिस्तान में सेना और प्रशासन के शीर्ष स्तर पर कई ऐसे लोग हैं जिनके खिलाफ ऐसे ही भ्रष्टाचार के अनेक मामले हैं। अब यह सच्चाई किसी से भी छिपी नहीं है कि पाकिस्तान में यदा -कदा लोकतंत्र का डंका भी दिखाई देता है लेकिन उसके ऊपर वर्चस्व सेना का ही रहता आया है और जब कभी वहां का शीर्ष राजनेता सेना से टकराने का साहस करता है उससे तालमेल बनाकर नहीं चलता तो सेना ऐसे ही मामले को लेकर उसे निपटाने का इंतजाम कर देती है।







