उत्तर प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप 2025
सीतापुर: सीतापुर के स्थानीय दिल्ली पब्लिक स्कूल में खेली जा रही यूपी स्टेट चेस चैंपियनशिप की अंडर 9 ओपन और अंडर 7 गर्ल्स कैटेगरी का उद्घाटन डीपीएस सीतापुर के प्रधानाचार्य आर के सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर और आगरा की खिलाड़ी ओमायरा त्रिवेदी के साथ बोर्ड पर पहली चाल चलकर किया गया।

अंडर 7 गर्ल्स कैटेगरी में तीसरे चक्र में आर्ना त्रिपाठी और गर्विता कपूर के बीच अंत में खेल की स्थिति ‘स्टेलमेट’ हो गई, जिससे बाजी ड्रॉ रही। वहीं, राध्या नारंग को अव्यना ने हराकर पूरा अंक हासिल किया। तीसरे चक्र की समाप्ति के बाद अव्यना 3 अंकों के साथ एकल बढ़त पर हैं, जबकि गर्विता, चहक, आर्ना और काश्वी 2.5-2.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
अंडर 9 ओपन कैटेगरी में 13 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त खिलाड़ियों की मौजूदगी से कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। तीसरे चक्र की समाप्ति के बाद अनय अग्रवाल (रेटिंग 1519), चीत्रांश मल्होत्रा (रेटिंग 1488), अंश काबरा (रेटिंग 1574), संस्कृति यादव (रेटिंग 1549), मनन पाण्डेय (रेटिंग 1428) और शिवाय सिंह (रेटिंग 1705) सभी 3-3 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त बनाए हुए हैं।







