परिवर्तन चौक से विधानसभा की ओर कूच कर रहे कांग्रेसजनों को किया गिरफ्तार
प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किये जा रहे 30 प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने की घटना की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कड़ी निन्दा करते हुए कहा है कि योगी सरकार का यह कदम पूरी तरह अलोकतांत्रिक एवं तानाशाहीपूर्ण रवैये को दर्शाता है।
उन्होने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि योगी सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आयी है। कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी आवाज उठाती रही है और उठाती रही है। उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आज अलोकतांत्रिक तरीके से गिरफ्तार किये गये 25 कांग्रेसजनों को तत्काल रिहा करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा बिजली के बढ़े दाम, बेतहाशा बढ़ती मंहगाई, महिलाओं की असुरक्षा, धान खरीद में व्याप्त भ्रष्टाचार आदि मुद्दों को लेकर आज राजधानी के
परिवर्तन चौक से विधानसभा घेराव के लिए जा रहे लखनऊ महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रदेश कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव, एनएसयूआई के अध्यक्ष अनस रहमान, सूचना का अधिकार विभाग के चेयरमैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, प्रदीप कनौजिया, नरेन्द्र गौतम, विनोद यादव, इस्लाम अली, विकास सक्सेना, अयूब सिद्दीकी, शाहिद अली, संजय श्रीवास्तव, रामपाल यादव, ज्ञान प्रकाश राय, नदीम अहमद, प्रवीण सेंगर, परवीन खान, शमीम कुरैशी, मसूद अहमद, संदीप पाल, मुर्शरफ इमाम सहित 25 कांग्रेसजनों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके अलावा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती ममता चौधरी एवं श्रीमती प्रतिभा अटल पाल, श्रीमती सुशीला शर्मा, उरूसा राणा, श्रीमती माया चौबे, श्रीमती विभा त्रिपाठी, श्रीमती लता दुबे, शबनम आदिल, किरन भंडारी आदि महिला कांग्रेस की नेताओं को हिरासत में लेकर देर सायं रिहा कर दिया गया।