सीबीआई ने कोर्ट को उन्नाव मामले में दी जानकारी
नई दिल्ली,08 अगस्त 2019: बहुचर्चित उन्नाव रेप केस मामले में एक नया मोड़ आया मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीबीआई ने बुधवार को कोर्ट को बताया कि विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के खिलाफ अपहरण, बलात्कार, साजिश और धमकाने के आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। जांच एजेंसी ने पीड़िता के बयान को आधार बनाते हुए दावा किया कि सेंगर के खिलाफ इन आरोपों में केस चलाया जा सकता है।
डिस्ट्रिक्ट व सेशन जज धर्मेश शर्मा की अदालत में सरकारी वकील ने दावा किया कि पीड़िता को धोखे से विधायक के आवास पर लाया गया, जहां उससे रेप हुआ। घटना के वक्त पीड़िता 18 साल की नहीं थी, इसीलिए पॉक्सो प्रावधान में भी सेंगर और शशि सिंह आरोपित हैं।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि पीड़िता के बयान अविश्वसनीय हैं। बचाव पक्ष ने उस समय पीड़िता के बालिग होने का भी दावा किया। मामले में अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
पीड़िता की स्थिति अब भी गंभीर:
उन्नाव पीड़िता की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। एम्स के अनुसार, पीड़िता को एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। पांच डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने की दवा दी जा रही है। वहीं, वकील की हालत बेहद नाजुक है। वह बेहोशी की स्थिति में हैं।







