केचअप की बोतल पीकर बनाया रिकॉर्ड
मुंबई, 19 फरवरी। क्या आप एक बार में एक बोतल केचअप पी सकते हैं? हो सकता है कि आपको यह सवाल कुछ अटपटा लगे, लेकिन मुंबई के एक शख्स ने ऐसा कर दिखाया है। वहां के दिनेश ने कुछ ही सेकंड में केचअप की पूरी बोतल पीकर रिकॉर्ड बनाया और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया। वह पहले भी लोगों को शॉक कर देने वाले करतब दिखा चुके हैं। दिनेश उपाध्याय ने निर्धारित समय के अंदर केचअप की पूरी बोतल पीने का करतब कर दिखाया।
उन्होंने 25.37 सेकेंड में एक बोतल में भरी 396 ग्राम केचअप पीकर सबको आश्चर्य में डाल दिया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के अनुसार, दिनेश को निर्धारित समय में 95 प्रतिशत सामग्री को निगलने का करतब दिखाना था। उन्होंने केचअप की बोतल ऐसा करने का प्रयास किया और कुछ ही सेकेंड में 396 ग्राम केचअप एक बार में पी गए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के वीडियो में दिनेश को केचअप पीते दिखाया गया है।
ऐसा करने के बाद दिनेश को बहुत ज्यादा खांसी आने लगी, यद्यपि उन्होंने ऐसा करने का रिकॉर्ड बना लिया और उनका नाम गिनीज बुक में दर्ज हो गया। दिनेश ने कहा कि यह रिकॉर्ड बनाकर आश्यर्य की दुनिया में मैंने खुद को सबसे अच्छा साबित किया है। वह पहले भी ऐसे कई करतब दिखा चुके हैं। उन्होंने अपने मुंह में जलती हुई 22 मोमबत्तियों को रख लिया था। एक मिनट में सबसे ज्यादा अंगूर खाने का भी रिकॉर्ड उन्होंने बनाया है। इतना ही नहीं, उन्होंने तीन मिनट में दूसरे लोगों की तुलना में सबसे ज्यादा नारंगी को छीलकर खाने का रिकॉर्ड बनाया है।






