सीएमएस की मेजबानी में अन्तर्राष्ट्रीय सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग का आयोजन
लखनऊ,26 जून 2019: सीएमएस की मेजबानी में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग के प्रतिभागी ब्राजील, चेक रिपब्लिक, इण्डोनेशिया, स्पेन एवं भारत के छात्रों ने आज सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में एक स्वर से कहा कि हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया में शान्ति व अमन हो, कहीं युद्ध न हो, कहीं आपसी वैमनस्य न हो और कहीं मानवाधिकारों का हनन न हो।
अन्तर्राष्ट्रीय यूथ मीटिंग के प्रतिभागी छात्र आज प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से मिले और दिल खोलकर बातचीत की। विदित हो कि सी.एम.एस. की मेजबानी में अन्तर्राष्ट्रीय सी.आई.एस.वी. यूथ मीटिंग ‘लेट्स वर्क इट आउट’ का आयोजन 24 जून से 1 जुलाई तक किया जा रहा है। यह अन्तर्राष्ट्रीय युवा मीटिंग ‘कान्फ्लिक्ट एण्ड रिजोल्यूशन’ विषय पर आयोजित की जा रही है जिसमें पाँच देशों के 12 से 13 वर्ष उम्र के छात्र अपने टीम लीडर के नेतृत्व में प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रत्येक छात्र दल में तीन बालक व तीन बालिकाएं सम्मिलित हैं।
सीएमएस संस्थापक डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि नन्हें-मुन्हेंं बच्चों की यह अन्तर्राष्ट्रीय मीटिंग हमें सचेत करती हैं कि हमें बच्चों की बातों को पूरे मनोयोग से सुनना-समझना होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुन्दर संसार की परिकल्पना को साकार करना होगा।







