धरती को हरा-भरा बनाये रखने की जोरदार अपील की छात्रों ने
लखनऊ, 26 अप्रैल 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, राजेन्द्र नगर (द्वितीय कैम्पस) के छात्रों ने ‘पृथ्वी दिवस (22 अप्रैल)’ के उपलक्ष्य में गुरुवार को सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी के नेतृत्व में विशाल मार्च निकालकर प्रकृति प्रदत्त धरती को हराभरा एवं स्वच्छ बनाये रखने की जोरदार अपील की। इस मार्च में सी.एम.एस. के डायरेक्टर ऑफ स्ट्रेटजी, श्री रोशन गाँधी, सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर (द्वितीय कैम्पस) की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योत्सना अतुल एवं सी.एम.एस. के विभिन्न कैम्पस की प्रधानाचार्याओं समेत आमन्त्रित अतिथि आदि शामिल हुए एवं हरीभरी धरती, पर्यावरण संवर्धन एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण हेतु छात्रों की जागरूकता की प्रशंसा की।

इस मार्च में छात्रों ने नारे लगाते हुए एवं हाथों में बैनर-पोस्टर आदि लेकर राजेन्द्र नगर क्षेत्र में घूम-घूमकर जनमानस को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेत किया और हरित क्रान्ति से जुड़ने व प्रदूषण रोकने की अपील की। छात्रों ने ‘धरती बचाओ, जीवन बचाओ, जीवन को खुशहाल बनाओ’, ‘से नो टू प्लास्टिक बैग्स’, ‘ज्वाइन द ग्रीन रिवोल्यूशन’ आदि नारे लगाते हुए पर्यावरण संवर्धन का अलख जगाया और स्वयं भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मार्च के उपरान्त छात्रों ने विद्यालय के नजदीक स्थित जय जगत पार्क में वृक्षारोपण कर हरीभरी धरती का संदेश दिया। सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर के विद्या मार्केट पार्क को लोग पहले कूड़ाघर के रूप में इस्तेमाल करते थे। लेकिन नगर निगम से गोद लेकर सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर के छात्रों एवं शिक्षकों ने इस पार्क को ‘जय जगत पार्क’ नाम देकर इसे ग्रीन पार्क के रूप में विकसित किया है।
इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा एवं किशोर पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण की महत्ता व अनिवार्यता से तो अवगत कराते हैं, साथ ही उनमें हरी-भरी प्रदूषण मुक्त धरती के प्रति ललक व आत्मविश्वास भी जगाते हैं।







