लखनऊ, 23 मार्च 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के कम्युनिटी रेडियो एवं मदर सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रेडियो कार्यक्रम ‘बचपन एक्सप्रेस’ का प्रसारण किया जा रहा है। इसी रेडियो प्रोजेक्ट के अन्तर्गत जन-मानस को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम तकरोही, इन्दिरा नगर, लखनऊ में ‘बाल विवाह निषेध रैली’ एवं ‘नुक्कड़ नाटक’ का आयोजन किया गया। इस रैली में आसपास के ग्रामीण अंचल की महिलाओं, बच्चों व अन्य लोगों ने भाग लिया तो वहीं दूसरी ओर ‘नुक्कड़ नाटक’ के माध्यम से बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति समाज को जागरूक किया।
बता दें कि सीएमएस रेडियो पर कार्यक्रम ‘बचपन एक्सप्रेस’ का प्रसारण प्रत्येक शनिवार प्रातः 8.00 बजे, अपराह्न 12.00 बजे, सायं 4.00 बजे एवं रात्रि 8.00 बजे किया जाता है। सिटी माॅन्टेसरी स्कूल के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गांधी एवं डा. (श्रीमती) भारती गांधी ने सीएमएस कम्युनिटी रेडियो के सामाजिक उत्थान के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा है कि सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में रैली एवं नुक्कड़ नाटक महती भूमिका निभाते हैं, परन्तु साथ ही, शिक्षा का प्रचार-प्रसार लगातार होते रहना चाहिए।
इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट आईबीटी में छात्र ने विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर बढ़ाया देश का मान
सीएमएस द्वारा रु. 50,000/- के नगद पुरस्कार से किया जायेगा सम्मानित
लखनऊ, 23 मार्च 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के कक्षा-8 के छात्र आयुष राघवेन्द्रन ने इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) में गणित विषय में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर देश का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि हेतु आयुष को सीएमएस द्वारा रु. 50,000/- का नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।
संस्थापक डा जगदीश गाँधी ने आयुष की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि छात्र की यह सफलता न सिर्फ सीएमएस के लिए बल्कि प्रदेश व देश के लिए गौरव की बात है। डाॅ. गाँधी ने विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों को भी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाइयाँ दी।






