सीएमएस शिक्षकों ने निकाली ‘प्रभात फेरी’
लखनऊ,01 अक्टूबर 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 150वीं जयन्ती की पूर्व संध्या पर आज सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में आयोजित रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा एकता, शान्ति, सत्य, अहिंसा के विचारों को विश्व के कोने-कोने में प्रवाहित करने का आह्वान किया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री चौधरी उदयभान सिंह, राज्यमंत्री, खादी एवं ग्रामोद्योग यूपी ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी सकारात्मकता में विश्वास करते थे और सकारात्मकता से ही सफलता मिलती है। सच्चाई, कार्य की पवित्रता एवं दृढ़ निश्चय, यही सफलता के सूत्र हैं।
डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि महात्मा गाँधी के आदर्शो पर चलकर ही विश्व एकता की मंजिल मिलेगी। महात्मा गाँधी ने कहा था कि आधुनिक विश्व की समस्याओं को सुलझाने के लिए विश्व शान्ति की यह मांग है कि सभी सम्प्रभु देशों को एकजुट होकर एक वल्र्ड फेडरेशन की स्थापना करनी चाहिए। डा. गाँधी ने जोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि महात्मा गाँधी द्वारा सोचे गये विश्व फेडरेशन (विश्व संसद) के सपने को साकार किया जाए।
इस अवसर पर डा. जगदीश गाँधी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से भी विश्व के 2.5 बिलियन बच्चों की ओर से अपील की कि वे भारत में पूरे विश्व के नेताओं की एक ग्लोबल कान्फ्रेन्स बुलाकर वैश्विक आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्याओं पर परिचर्चा करें और इन्हें सुलझाएं।







