सीएमएस में विश्व एकता सत्संग
लखनऊ, 25 नवंबर, 2019: सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर के ऑडिटोरियम में आयोजित विश्व एकता सत्संग में अपने विचार व्यक्त करते हुए विभिन्न धर्मावलम्बियों व विद्वजनों ने एक स्वर से कहा कि प्रार्थना भगवान से वार्तालाप है। यह पवित्रतम स्थिति है तथा ईश्वर का सानिध्य प्राप्त करने में सहायक होती है।

वक्तागणों ने जोर देते हुए कहा कि भावी पीढ़ी को प्रार्थना के महत्व से अवगत करायें। यदि आज के नन्हें-मुन्हें बच्चों प्रार्थना की शक्ति व उसके महत्व को समझ जायेंगे तो बड़े होकर उनके हृदय भी परमात्मा के दिव्य प्रकाश से प्रकाशित होंगे जो सारे समाज में व सारे संसार में शान्ति व एकता का साम्राज्य कायम करेंगे।
इस बीच सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्रों ने रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों की इन्द्रधनुषी छटा प्रदर्शित की। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्कूल प्रार्थना से हुआ एवं इसके उपरान्त सद्विचार, प्रार्थना गीत, प्रार्थना नृत्य, लघु नाटिका, माताओं द्वारा समूह गान किया गया। सत्संग का समापन संयोजिका श्रीमती वंदना गौड़ ने किया।







