3 सीटों पर BJP का कब्जा
नई दिल्ली 24 दिसम्बर। देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। जिसके परिणाम आज रविवार को फाइनल आ गए है। तमिलनाडु की बहुचर्चित विधानसभा सीट डॉ. राधाकृष्णन नगर (आरके नगर) पर हुए उपचुनाव में शशिकला के भतीजे और निर्दलीय उम्मीदवार टीटीवी दिनकरन ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने AIADMK के उम्मीदवार मधुसूदनन को करीब 40 हजार मतों के अंतर से हराया। 4 राज्यों के 5 विधानसभा सीटों पर 21 दिसंबर को उपचुनाव हुए थे।
वहीं, पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने सबांग विधानसभा सीट पर 64,192 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार गीता रानी भुनिया को 1,06,179 मत मिले जबकि माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को उम्मीदवार रीता मंडल ने 41,987 वोट ही हासिल कर पाईं।
मधुसूदनन को 40 हजार मतों के भारी अंतर से हराया दिनकरन ने
आरके नगर, डॉ. राधाकृष्णन नगर: पर शशिकला के भतीजे और निर्दलीय उम्मीदवार टीटीवी दिनकरन ने शानदार जीत हासिल की है। दिनकरन ने मधुसूदनन को करीब 40 हजार मतों के अंतर से हराया। 10वें राउंड की काउंटिंग के बाद दिनकरन की जीत तय मानी जा रही थी। आरके नगर का यह नतीजा पन्नीरसेल्वम-पलानीस्वामी गुट के लिए बड़ा झटका है। करीब दो दशक के इतिहास में पहली बार है जब सत्तारूढ़ पार्टी को आरके नगर सीट गंवानी पड़ी है। इसी सीट से तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता चुनाव लड़ती थीं।
दिनकरन को 86,472 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी AIADMK के उम्मीदवार मधुसूदनन को 47,115 मतों से ही संतोष करना पड़ा। तीसरे नंबर पर रहे DMK उम्मीदवार के खाते में 24,078 वोट ही आए। NOTA के लिए 1926 लोगों ने वोट किया जबकि बीजेपी उम्मीदवार को मात्र 1126 वोट मिले।
कानपुर देहात की सिकंदरा सीट पर भी बीजेपी की जीत
कानपुर देहात की सिकंदरा सीट पर बीजेपी के अजीत पाल ने समाजवादी पार्टी की कैंडिडेंट सीमा सचान को 11861 वोट से हरा दिया। सीमा पूर्व विधायक राकेश सचान की पत्नी हैं। सपा और कांग्रेस वर्कर्स ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। 24 राउंड की गिनती के बाद अजीत पाल को 63098 और सीमा सचान को 52182 वोट मिले थे। कांग्रेस के प्रभाकर पांडेय 16885 वोट के साथ तीसरे नंबर पर रहे। बीएसपी ने इस बार यहां चुनाव नहीं लड़ा।
केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर दी बधाई:
सिकंदरा विधानसभा उपचुनाव में जीत समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनता का आशीर्वाद है मतदाताओं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन वंदन विधायक श्री अजीत पाल जी को बधाई माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी और भाजपा के प्रति जनता का विश्वास कायम है जनता का स्पष्ट संदेश कमलमय हो पूरा देश।
अरुणाचल में बीजेपी
अरुणाचल प्रदेश की लिकाबाली और पक्के-केसांग सीट पर हुए बाइपोल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जीत मिली है। दो सीटों पर चुनाव जीतने के बाद बीजेपी के 49 विधायक हो गए हैं। पक्के-केसांग सीट पर बीजेपी के बीआर वाघे को 475 वोट से जीत मिली। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व डिप्टी सीएम कमेंग डोलो को हराया। वाघे को 3517 और डोलो को 3042 वोट मिले। दूसरी ओर, लिकाबाली सीट पर बीजेपी के कार्दो नियोग्योर ने पीपीए कैंडिडेट गुमका रिबा को 305 वोट से हराया। यहां बीजेपी 3461 और पीपीए को 3156 वोट मिले। कांग्रेस कैंडिडेट सिर्फ 362 वोट ही हासिल कर पाए।







