धूमधाम से मनाई जा रही गणेश चतुर्थी , ऐशबाग जल संस्थान में विराजे गणपति महाराज
लखनऊ,18 सितम्बर, 2021: गणपति राखो मेरी लाज, पूरन कीजौ मेरे काज… गणेश चतुर्थी पर्व पर गणेश उत्सव का कार्यक्रम ऐशबाग जल संस्थान स्थित शिव मंदिर में धूमधाम से मनाया गया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच मंदिर प्रांगण में विघ्नहर्ता गणेश की इको फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार से पूजा अर्चना की गईं। भक्तों ने गणेशजी का पूजन कर रिद्धि-सिद्धि से सभी के लिए घरों में सुख समृद्धि रहे इसके लिए मंगलमूर्ति से प्रार्थना की।
इस मौके पर संयोजिका अनामिका मिश्रा एवं बच्चों ने रंग-बिरंगे फूलों, बेलपत्र, गुब्बारों से मंगलमूर्ति का अलौकिक श्रृंगार कर विघ्नहर्ता गौरी पुत्र गणेश कर दरबार सजाया गया। सायंकाल में मंदिर समिति की महिला मंडली एवं भक्तों ने भजनों को प्रस्तुत किया।
इस मौके पर कृष्ण-राधा, शिव-पार्वती, गणपति स्वरूप बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर भक्तगणों को झूमने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। रविवार सुबह 10 बजे मनौती के राजा गणपत महाराज का कुड़िया घाट पर विसर्जन किया जाएगा।