1762 नर्सरियों में 44 करोड़ से अधिक पौधे तैयार, 25 करोड़ पौध रोपण का है लक्ष्य
लखनऊ, 21 मई 2020: इस वर्ष यूपी में 25 करोड़ पौधा रोपण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन विभाग तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए प्रदेश के 1762 पौधशालाओं में 44 करोड़ से अधिक पौधे तैयार किये गये हैं। इसमें नीम, सहजन, अर्जुन, जामुन, खैर, सागौन, बरगद, शीशम सहित उद्यान विभाग द्वारा तैयार किये गये फलदार पौधों की भी संख्या ज्यादा है। प्रदेश के 13 महानगरों वाले जिलों में सर्वाधिक पौधरोपण प्रयागराज में करने (51,78,670) की तैयारी है। प्रदेश के जिलों में ही वन विभाग तीन करोड़ से ज्यादा पौधों का रोपण करेगा।
https://youtu.be/aFTlfiBnTu8
मुख्य वन संरक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि पौध रोपण में जन सहभागिता प्राप्त करने के लिए गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए ग्राम वासियों से विचार-विमर्श कर 57904 माइक्रोप्लान तैयार किये गये हैं। इसमें मुख्य रूप से पौधरोपण के लिए इच्छुक व्यक्तियों द्वारा भूमि, मृदा, जलवायु व आवश्यकता के अनुरूप अपनी भूमि पर रोपित की जाने वाली प्रजातियों का उल्लेख किया गया है। माइक्रोप्लान में इंगित प्रजातियों को विभागीय पौधशालाओं में उगाया गया है। विभागीय पौधशालाओं में उगाये गये पौध विभिन्न राजकीय विभाग द्वारा उपलब्ध करवाये जाएंगे।
मुख्य वन संरक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि 13 महानगरों वाले जिलों में 3,21,01,970 पौधों का रोपण किये जाने की तैयारी है। इसमें सबसे ज्यादा प्रयागराज में 51,78,670 पौध रोपण किये जाएंगे। महानगरों में लखनऊ में 26,27,970 पौधे, कानपुर 35,29,440 पौधे, वाराणसी 14,79,720 पौधे, मेरठ 23,81,430 पौधे, आगरा 37,81,300 पौधे, प्रयागराज 51,78,670 पौधे, गौतमबुद्धनगर 8,61,090 पौधे, बरेली 30,76,420 पौधे, गाजियाबाद 732590 पौधे, गोरखपुर 3830930 पौधे, मुरादाबाद 19,93,460 पौधे, अलीगढ़ 36,16,940 पौधे, झांसी- 49,78,820 पौधे रोपा जाएगा।







