वन मंत्री ने की समीक्षा, अगले वर्ष 25 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य की तैयारी के बारे में भी दिये निर्देश
लखनऊ, 13 सितम्बर 2019: वन, पर्यावरण एवं जन्तु उद्यान मंत्री दारा सिंह चौहान ने अगले वर्ष 25 करोड़ पौध रोपण करने के लक्ष्य को लेकर विभाग द्वारा की जाने वाली नर्सरी तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 22 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य प्राप्त कर चुके हैं। अगले वर्ष भी हम सफल होंगे।
उन्होंने इसके लिए किसानों की भूमि पर पौधशालाओं की स्थापना करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए किसानों से लीज एग्रीमेंट किया जाय। इसके साथ ही उन्होंने इको पर्यटन गतिविधियों हेतु प्रदूषण रहित वाहनों का प्रयोग, पर्यटकों की निजता व सुरक्षा सुनिश्चित करने व पिकनिक स्पाट पर शारदा नदी में बोट सफारी विकसित करने के लिए निर्देशित किया। वन मंत्री ने एक जनपद-एक गंतव्य योजना का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों काे पुरस्कृत करने के साथ ही राजकीय कार्यों में शिथिलता व उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव कल्पना अवस्थी ने कहा कि इस वर्ष 500 पौधशालाओं की स्थापना प्रत्येक जनपद में करने, ‘एक जनपद-एक गंतव्य’ के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में इको पर्यटन स्थल के रूप में वेटलैंड्स, पक्षी विहार व वन्यजीव विहार जैसे पर्यटकों के लिए आकर्षक प्राकृतिक सुषमा से भरपूर स्थल का चयन कर तत्काल अवगत कराने के निर्देश दिये।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष पवन कुमार ने 22 करोड़ पौधरोपण अभियान को सफल बनाने में अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रयासों की और 25 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभा की बैठक में मनरेगा के अंतर्गत प्रस्तावित पौधरोपण के लिए उपायुक्त मनरेगा को प्रत्येक ग्राम पंचायत में 4500 पौधरोपण के अनुसार बजट की मांग करने, पौध प्रजातियों के चयन करने का निर्देश दिया।







