21वीं सदी के महानायक थे स्व. राजीव गांधी: प्रमोद तिवारी
लखनऊ 20 अगस्त 2020: भारत रत्न-पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी की 76वीं जयन्ती आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सादगी के साथ मनायी गयी। सर्वप्रथम वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने राजीव जी के चित्र पर पुष्पांजलि कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
जयन्ती कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि स्व. राजीव गांधी जी युग दृष्टा थे। उन्होने 21वीं सदी के भारत का सपना देखा था। देश के सामने जब नेतृत्व का संकट आ पड़ा था उस समय कम उम्र में ही उन्होने देश की बागडोर संभाली और कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में खुद को स्थापित किया और विश्व पटल पर देश को स्थापित किया।
उन्होने कहा कि 18 वर्ष का मताधिकार देकर जहां उन्होने राजनीतिक तौर पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की वहीं सत्ता का विकेन्द्रीकरण और पंचायती राज कानून बनाकर महिलाओं को सशक्त और मजबूत बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
उन्होने कहा कि कम्प्यूटर और सूचना क्रान्ति की तकनीक को भारत में लाकर विश्व में भारत को विकसित राष्ट्र के बराबर खड़ा कर दिया। सूचना क्रान्ति ने देश को एक नया आयाम दिया। आज देश उसी सूचना क्रान्ति के बल पर आगे बढ़ रहा है। देश की एकता-अखण्डता के लिए राजीव जी के पंजाब, मिजोरम और असम के समझौते ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया।







