सीतापुर, 10 मई: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आज फ्यूचर ग्रैंडमास्टर चेस सीरीज़ के पहले चरण का भव्य उद्घाटन हुआ। ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष ए.के. रायजादा ने पहली चाल चलकर इस अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्रतियोगिता की शुरुआत की।
आठ चक्रों वाली इस प्रतियोगिता में 131 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 1 इंटरनेशनल मास्टर और 42 अंतरराष्ट्रीय रेटेड खिलाड़ी शामिल हैं। पहले चक्र में इंटरनेशनल मास्टर आर्यन वार्ष्णेय ने लखनऊ के अथर्व साहू को 51 चालों में हराकर पूर्ण अंक हासिल किया। अन्य वरीय खिलाड़ियों ने भी जीत दर्ज की।
रायजादा ने कहा, “यह प्रतियोगिता बच्चों में मानसिक विकास और रणनीतिक सोच को बढ़ावा देती है।” सीतापुर शिक्षा संसथान की चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा ने इसे छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश शतरंज संघ के मार्गदर्शन में आयोजित इस सीरीज़ का लक्ष्य युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।







