पहली बार लखनऊ विवि को किसी राज्यपाल ने दिया इतना बड़ा अनुदान, प्रशासन ने जताया आभार
लखनऊ, 13 मई 2020: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्वयं संज्ञान लेते हुए लखनऊ विश्विद्यालय के दोनों परिसर में एक-एक प्रसाधन काम्प्लेक्स के निर्माण के लिये 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने राज्यपाल का आभार जताया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब लख़नऊ विवि को राजभवन से इतनी बड़ी राशि का अनुदान के रूप में मिली है। विश्विद्यालय के कुलपति प्रो आलोक कुमार राय इस निर्गमन को महामहिम की संवेदनशीलता और सदाशयता का प्रतीक मानते हैं।
लखनऊ विवि के प्रोफेसर दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों परिसर में इस समय करीब 20 हजार छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इनके साथ ही करीब 500 शिक्षक और 1600 कर्मचारी भी यहां कार्यरत हैं। लखनऊ विवि सामाजिक समरसता और लैंगिक समानता का बेहतरीन उदाहरण है। यही वजह है कि यहां छात्राओं की संख्या छात्रों के मुकाबले कहीं से कम नहीं है। दोनों परिसर में महिला प्रसाधन केंद्रों की अपर्याप्तता के दृष्टिगत कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को विश्विद्यालय में महिला प्रसाधनों की दशा व विश्विद्यालय की आर्थिक व्यथा से अवगत कराया था।
राज्यपाल ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार किया और महिला प्रसाधन के लिए 10 लाख रुपये जारी कर दिए। इससे दोनों परिसर में एक-एक महिला प्रसाधन काम्प्लेक्स का निर्माण हो सकेगा। छात्राओं के साथ ही महिला शिक्षक और कर्मचारी भी इसका उपयोग कर सकेंगे। कुलपति ने राज्यपाल के इस सहयोग के लिए समस्त विवि परिवार की ओर से उनका आभार जताया है। दोनों परिसर में प्रसाधन निर्माण के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। कुलपति ने बताया कि जल्द ही महामहिम से अनुमति लेकर उनके हाथों से इस काम का शिलान्यास कराकर काम शुरू कर दिया जाएगा।







