अहमदाबाद, 23 जनवरी। हार्दिक पटेल ने विजय विजय रुपाणी को पत्र लिखकर मांग की है कि वह पद्मावत फिल्म को गुजरात में रिलीज न होने दें। उन्होंने इस चिट्ठी में लिखा है कि अगर पद्मावत गुजरात में रिलीज हुई तो कानून व्यवस्था बिगड़ने का डर है और इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
फिल्म में इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई है। मेरी, आपकी और सबकी जिम्मेदारी है कि इतिहास के साथ मजाक बर्दास्त न किया जाए। महारानी पद्मावती अपने राज्य और स्त्रियों के सम्मान के लिए सती हुई थीं। मैं आपसे विनती करता हूं कि कानून-व्यवस्था और समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पद्मावत पर गुजरात में बैन लगाया जाए।
बता दें कि दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर यह फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होनी है। हालांकि इसे लेकर देश के कई राज्यों में राजपूत करणी सेना विरोध प्रदर्शन कर रही है। उसने पिछले दिनों अहमदाबाद के हॉल में तोड़फोड़ भी की थी, जिसके बाद गुजरात के मल्टीप्लेक्स संचालकों ने फिल्म न दिखाने की घोषणा की है। वहीं विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गुजरात सरकार ने सौ रास्तों पर राज्य परिवहन निगम की बसों का संचालन रोक दिया है।







