लखनऊ 07 दिसम्बर। प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के साथ ही आम लोगों को जागरूक करने के लिए सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को राज्य सरकार के निर्देश पर ही परिवहन विभाग एवं गृह विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रदेश स्तर पर हेलमेट व सीटबेल्ट न लगाने वाले दो एवं चार पहिया वाहन चालकों के विरूद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान प्रदेश में 7583 ऐसे दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालक पकड़े गये, जिन्होंने वाहन चलाते समय सुरक्षा के दृष्टिगत हेलमेट व सीटबेल्ट नहीं लगा रखा था। इसमें से 5534 चालक हेलमेट का प्रयोग न करने तथा 2049 चालक सीट बेल्ट न लगाने वाले वाहन चालकों का चालान किया गया। साथ ही अभियान के दौरान दो पहिया वाहन के पीछे बैठने वाले व्यक्ति को मानक के अनुरूप हेलमेट लगाने के लिए जागरूक कर सचेत किया गया। प्रमुख सचिव, परिवहन आराधना शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना देश एवं प्रदेश के लिए गम्भीर समस्या है। इससे बहुत ज्यादा जन-धन की हानि हो रही है।
उत्तर प्रदेश सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर इस समय 9.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ पूरे देश में प्रथम स्थान पर है। इसमें कमी लाने के लिए ही प्रदेश सरकार ने प्रत्येक बुधवार को ‘हेलमेट सीट बेल्ट दिवस’ के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि लोग सड़क सुरक्षा उपायों का प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाएं कम होंगी तथा प्रदेश को आर्थिक एवं जन नुकसान भी नहीं होगा और लोगों के परिवार भी सुखी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए ही प्रत्येक बुधवार को इस प्रकार का विशेष चेकिंग अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। फिर भी लोग यदि यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा उपायों का उल्लंघन करेंगे तो इनके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।
जितेन्द्र






