पंचकूला, 03 अक्तूबर: हरियाणा पुलिस ने एक महीने से अधिक समय तक लुका छिपी के बाद यौन शोषण मामलों में रोहतक की सुनारिया जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की दत्तक पुत्री हनीप्रीत को आज गिरफ्तार कर लिया।
पंचकूला के पुलिस आयुक्त ए एस चावला ने हनीप्रीत गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुये बताया कि उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हनीप्रीत को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गिरफ्तार किया है और राष्ट्रद्रोह तथा हिंसा भड़काने के मामलो में उसे कल अदालत में पेश किया जाएगा।
इससे पहले 39 दिनों तक अनेक राज्यों की पुलिस और खुफिया एजेंसियों को परेशान करती रही हनीप्रीत ने आज एक निजी चैनल से बातचीत में देश की न्यायिक प्रणाली में विश्वास जताते हुये खुद को तथा ‘पापा’ यानि डेरा प्रमुख को निर्दोष बताया था और अदालत में आत्मसमर्पण करने के संकेत दिया था। हनीप्रीत ने अपने और डेरा प्रमुख के बीच सम्बंधों को लेकर कहा था कि ये ‘बाप-बेटी’ के सम्बंधों की तरह पाक साफ हैं।
गौरतलब है कि डेरा प्रमुख को गत 25 अगस्त को यौन शोषण मामलों में आदलत के दोषी करार देने के बाद गिरफ्तार कर रोहतक की सुनारिया जेल ले जाने के समय हनीप्रीत भी उसके साथ हेलीकॉप्टर में साथ गई थी। डेरा प्रमुख ने पुलिस से हनीप्रीत को जेल में उसके साथ ही रहने का अनुरोध किया था लेकिन इसे अस्वीकार किये जाने के बाद हनीप्रीत अचानक लापता हो गई थी। उसके देश से बाहर भाग जाने के कयास लगाये जा रहे थे। दिल्ली उच्च न्यायालय ने हाल ही में उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी तथा पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय जाने को कहा था।
पुलिस ने डेरा प्रमुख की गिरफ्तारी के बाद पंचकूला और सिरसा में डेरा समर्थकों की बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी घटनाओं में 40 लोग मारे गये थे तथा 250 से ज्यादा घायल हो गये थे और अनेक सम्पत्तियों को नुकसान पहुंचाया था।
पुलिस ने हिंसा की घटनाओं तथा डेरा प्रमुख को अदालत से फरार कराने की साजिश में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में उसके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज कर लुकआउस नोटिस जारी किया था। हनीप्रीत का नाम ऐसे मामलों में शामिल रहे 43 बांछित लोगों की पुलिस द्वारा जारी सूची में शीर्ष पर था।







