महिलाओं को 40 फ़ीसदी टिकट, रोज़गार, स्मार्टफोन और स्कूटी के साथ सुरक्षा का वादा
प्रियंका गांधी नें रायबरेली में ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ शक्ति संवाद महिला सशक्तिकरण महाअभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों मे काम करने वाली महिलाओं और कॉलेज की लड़कियों से बातचीत किया। रायबेरली शहर के रिफार्म क्लब में आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी ने ‘‘थीम सांग’’ के साथ महिला घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने ‘शक्ति विधान’’ शीर्षक से महिला घोषणा पत्र जारी करते हुए महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलम्बन, शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा, और सेहत अर्थव्यवस्था से जुड़ी तमाम घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि हम सारी महिलाएं एकजुट हो जायें और तय कर लें कि हम इस देश की राजनीति को बदल देंगे तो निश्चित ही महिला स्वाभिमान सम्मान की राजनीति बदल जायेगी। महिलायें अगर कह दें कि हमारे लिए काम करो वरना हम तुम्हें वोट नहीं देंगे। हमने महिलाओं के लिए पहली बार अलग से घोषणा पत्र बनाया है।
इसका असर यह हुआ कि प्रधानमंत्री जी पहली बार महिलाओं का कार्यक्रम बुला रहें हैं। अन्य राजनीतिक दल भी अब महिलाओं के लिए घोषणाए कर रहें हैं। मैं बहुत खुश हूं कि एक छोटी पहल से सभी पार्टियां महिलाओं के बारे में सोच रहीं हैं।







