अमेठी, 26 मई, 2020: अमेठी जिले में मंगलवार को एक साथ 33 कोरोना पाजिटिव मरीज मिलने से हड़कम्प मच गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने सभी मरीजों को आईसोलेशन के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दिया है। आज मिले ढाई दर्जन पाजिटिव मरीजो में दर्जन भर के ऊपर मुम्बई से आए प्रवासी शामिल हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि एसजीपीजीआई से आज मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट आई है। इसमें कुल 33 मरीज पाजिटिव पाए गए हैं। इस तरह जिले में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 71 हो गई है, जबकि कोरोना के कुल मरीजो की संख्या 80 हो गई है, जिसमें नौ मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
आज मिले मरीजों में जिले के गौरीगंज में छह, सिंहपुर ब्लाक में छह, जगदीशपुर ब्लाक में चार, भेटुआ ब्लाक में चार, बाजार शुकुल ब्लाक में चार, जामो ब्लाक में तीन, शाहगढ़ और मुसाफिरखाना ब्लाक में दो-दो व तिलोई और संग्रामपुर ब्लाक में एक-एक केस पाए गए हैं।







