पुलिस और सरकार का इकबाल अपराधियों के आगे नतमस्तक हो चला है। पूरे राज्य में अराजकता अपने चरम पर है। अपराध को अंजाम देने के बाद अपराधी खुलेआम फरार हो जाते हैं और उनकी गिरफ्तारी तक नहीं हो पाती। अब तो राजधानी लखनऊ भी आये दिन होने वाली गैंगवार से सहम उठी है। ये बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कही।
उन्होंने कहा कि अपराध उप्र में ‘‘ईज आफ डूइंग क्राइम’’ के रूप में नये प्रतिमान गढ़ रहा है। करोड़ों रूपये मिशन शक्ति के नाम पर खर्च करने के बाद महिला सुरक्षा की हालत यह है कि नोएडा में बहन के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई की सरेराह चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गयी। सरकार कानून व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने के बजाए मनमोहक नारे देने में ज्यादा जोर दे रही है।
उन्होंने कहा कि ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था को ठीक करने के बजाए मुख्यमंत्री योगी फर्रूखाबाद में हठपूर्वक ऐलान कर रहे हैं कि गरीबों को इंसाफ मिल रहा है, माफिया और उनके रहनुमा डरे हुए हैं। आम जनता बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री जी का यह कहना हास्यास्पद ही नहीं अपितु प्रदेश की जनता के जज्बातों के साथ खिलवाड़ है।







