कांग्रेस द्वारा बस दिये जाने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने बताया घोटाला, कांग्रेस सत्ता में रहे या न रहे घोटाला करने की आदत नहीं छोड़ सकती : केशव प्रसाद माैर्य
लखनऊ, 19 मई 2020: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रियंका वाड्रा द्वारा बस उपलब्ध कराने और आटो रिक्शा आदि का रजिस्टेशन नम्बर देने पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस सत्ता में रहे या न रहे, वह घोटाला करने की आदत नहीं छोड़ सकती। कांग्रेस पार्टी के घोटाले ही उसके ताबूत में कील ठोक रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार शाम को तीन ट्वीट किये। उन्होंने फर्जी रजिस्टेशन नम्बरों की एक लिस्ट शेयर करते हुए लिखा “बसों की लिस्ट में ऑटोरिक्शा और बाइक के नंबर डालकर कांग्रेस कर रही गुमराह! अपने ही छल के जाल में फंस गई कांग्रेस, बसों की लिस्ट में भी निकला घोटाला। ” आगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में हो या नहीं घोटाले करने की आदत नहीं छोड़ सकती ! कांग्रेस पार्टी के घोटाले ही उसके ताबूत में कील ठोंक रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने तीसरे ट्वीट में लिखा “बोफोर्स, 2-जी, कोलगेट, कॉमनवेल्थ घोटालों की कड़ी में अब जुड़ा बस घोटाला! बसों के नाम पर ऑटो रिक्शा और मोटर साइकिल के नंबर डाल कर मजदूरों का मजाक उड़ा रही कांग्रेस! झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है।







