उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए सेवा सत्याग्रह चल रहा है। पूरे प्रदेश में पूरी निष्ठा के साथ हजारों कार्यकर्ता लोगों की सेवा कर रहे हैं। यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष बीरेन्द्र चौधरी ने शनिवार को दी।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में आज से अजय लल्लू की महा रसोई संचालित की जा रही है। हमारे नेता को योगी सरकार ने इसलिए जेल में डाला है, क्योंकि वे लोगों की सेवा कर रहे थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ की जेल की सलाखें और फर्जी मुकदमें हमें सेवा से नहीं रोक सकती।

प्रदेश मीडिया संयोजक ललन कुमार ने कहा कि पूरे प्रदेश से लाखों लोगों के मैसेज, वीडियो संदेश आ रहे हैं। पूरे सूबे के गली गली गांव गांव से इंसाफ पसंद लोग अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीब मजदूर विरोधी योगी आदित्यनाथ की सरकार के खिलाफ इस ‘सेवा सत्याग्रह’ में पार्टी 25 लाख लोगों को भोजन कराएगी। भाजपा की करतूतों को जन-जन तक ले जाने के लिए, प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू की रिहाई के लिए पूरे प्रदेश में 10 लाख पोस्टर लगाए जाएंगे।







