बकाया है बैंकों का 9 हजार करोड़
नई दिल्ली, 06 दिसम्बर 2018: देश के भगोड़े, आर्थिक अपराधी एवं शराब कारोबारी विजय माल्या अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा घोटाले मामले के बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल के भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दबाव में दिखे।
उन्होंने बुधवार को कहा कि उनके ब्रिटेन से भारत में प्रत्यर्पण के मामले में कानून अपना काम करेगा लेकिन मैं ‘जनता के पैसों’ का 100 प्रतिशत भुगतान करने के लिए तैयार हूं। ब्रिटेन की अदालत में उनके प्रत्यर्पण पर जल्दी ही फैसला आने वाला है। माल्या प्रत्यर्पण को लेकर ब्रिटेन में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मै बैंकों से लिया गया कर्ज का सौ फीसदी मूलधन लौटाने को तैयार हूं लेकिन मैं ब्याज नहीं चुका सकता हूँ।

उन्होंने दावा कि नेताओं और मीडिया ने उन्हें गलत तरीके से ‘डिफॉल्टर’ के रूप में पेश किया। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, मैंने देखा है कि मेरे प्रत्यर्पण के फैसले को लेकर मीडिया में कई चर्चाएं चल रही हैं। यह अलग मामला है और इसमें कानून अपना काम करेगा।
माल्या ने कहा, जनता के पैसे सबसे जरूरी चीज है और मैं 100 प्रतिशत पैसे वापस करने की पेशकश कर रहा हूं। मैं बैंकों और सरकार से अनुरोध करता हूं कि वो इस पेशकश को स्वीकार करें। माल्या पर कई बैंकों का 9000 करोड़ रपए से अधिक का कर्ज है। यह कर्ज उसकी कंपनी ‘फगफिशर एयरलाइंस को दिया गया था। माल्या मार्च 2016 में देश छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे।

माल्या ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा, नेता और मीडिया लगातार चिल्ला-चिल्लाकर मुझे डिफॉल्टर कह रहे हैं, जो कि सरकारी बैंकों का पैसा लेकर फरार हो गया। यह सब झूठ है। मेरे साथ उचित बर्ताव क्यों नहीं किया जाता है।







