नई दिल्ली, 05 दिसम्बर 2018: यूपी के बुलंदशहर में सोमवार को हुई घटना के बाद अब हालात सामान्य और स्थिति पुलिस के नियंत्रण में हैं। बताया जाता है कि सोमवार को गोकशी की खबर फैलने के बाद हुई फायरिंग पथराव तथा आगजनी की घटना के बाद अब स्थिति शांतिपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में 27 लोगों को नामजद करते हुए 87 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था आनंद कुमार ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए कहा कि बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के चिंगरावटी पुलिस चौकी की घटना के सिलसिले में 27 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस घटना में अभी तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में देवेंद्र सतीश और अरविंद चौहान शामिल है लेकिन मुख्य आरोपित बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बुलंदशहर में हालात सामान्य और धारा 144 लागू है। आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित की गई टीम ने अभी तक 25 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी है।
उन्होंने बताया कि इस मामले को एसआईटी जांच कर रही है और वह घटना की तह तक जाएगी घटना की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है पुलिस किसी भी निर्दोष को जेल नहीं भेजेगी उन्हें बताया कि शुरुआती जांच में घटना में किसी भी संगठन का नाम प्रकाश में नहीं आया है उन्होंने बताया कि भीड़ ने किस कारण उपाय उग्र रूप धारण कर पथराव और आगजनी की इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
शहीद इंस्पेक्टर की पत्नी ने कहा कातिल हमें सौंपा जाए:
सोमवार को बुलंदशहर के हिंसा में मारे गए इंस्पेक्टर सुबोध कुमार का पार्थिव शरीर आज उनके घर एटा पहुंचा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की मौत से परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर की पत्नी रजनी ने सुबोध के आरोपी कातिल को उनके हवाले करने की राज्य सरकार से मांग की है।
मेरे पिता ने हिन्दू-मुस्लिम विवाद में अपना जीवन गंवा दिया:अभिषेक सिंह
बुलंदशहर की हिंसा में भीड़ का शिकार हुए पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध सिंह के बेटे ने कहा है कि उनके पिता चाहते थे कि वह एक अच्छा नागरिक बने जो धर्म के नाम पर हिंसा नहीं भड़काए। अभिषेक सिंह ने कहा, ‘‘मेरे पिता ने इस हिन्दू-मुस्लिम विवाद में अपना जीवन गंवा दिया। अगली बारी किसके पिता की होगी?’ इंस्पेक्टर की बहन ने आरोप लगाया कि हत्या पुलिस की एक ‘साजिश’ है।







