हादसों में 20 की मौत, बलरामपुर में हालात बिगड़े, 55 गांव जलमग्न, पूर्वी व पश्चिमी यूपी में शनिवार तक भारी बारिश के आसार, कई स्थानों पर सड़कें धंसीं राजधानी में भी कई स्थानों पर जलभराव, घरों में घुसा पानीमृतक आश्रितों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद
लखनऊ,12 जुलाई 2019: यूपी में भारी बारिश होने से नदी नाले उफना गए हैं हालात यह हैं कि घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। बता दें कि लगातार बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राजधानी लखनऊ में कई इलाकों में नालों के उफना जाने से बारिश का पानी घरों में घुस गया। कई जगहों पर सड़कें धंस गयीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसों में मौत पर गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने मृतक आश्रितों के लिए चार-चार लाख रुपये मदद का ऐलान किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह 8.30 बजे से बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 120.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। बृहस्पतिवार को भी देर रात तक बारिश जारी रही। राजधानी में पिछले 48 घंटों के दौरान 150 मिमी से भी अधिक बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। गुरुवार को गोरखुपर में 78.02 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जबकि कानपुर वायु सेना स्टेशन पर 39 मिमी और कानपुर नगर में 25़ 05 मिमी बारिश हुई।

बहराइच में 36.04 मिमी, बलिया में 25.02 मिमी, रायबरेली के फुर्सतगंज में 4.06 मिमी, नजीबाबाद बिजनौर में 6.04 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा उन्नाव, बाराबंकी, जौनपुर, बलरामपुर,मेरठ, सुल्तानपुर,खीरी,हरदोई और चुर्क में भी जोरदार बारिश हुई।
राजधानी लखनऊ में बारिश से इन्दिरानगर, अलीगंज, गोमतीनगर, आलमबाग, राजाजीपुरम, चारबाग क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया।







