नई दिल्ली, 05 अप्रैल 2019: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बीएसएफ के एक अधिकारी समेत चार सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए और दो अन्य अधिकारी घायल हो गए। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को माहला स्थित बीएसएफ के शिविर से बीएसएफ 114 बटालियन और जिला बल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में भेजा गया था।
लगभग दोपहर 12 बजे सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। जिसमें बीएसएफ के सहायक उप निरीक्षक बोरो, आरक्षक रामकृष्णन, सोमेश्वर और इशरार खान शहीद हो गए तथा सहायक कमांडेंट गोपूराम और निरीक्षक गोपाल राम घायल हो गए।
गृहमंत्री ने मांगी रिपोर्ट :
केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने नक्सल हमले में बीएसएफ के जवानों के शहीद होने पर शोक जताया है। श्री सिंह ने लखनऊ में कहा कि इस हमले के बारे में बीएसएफ के महानिदेशक से रिपोर्ट मांगी है।
नक्सलियों के इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी करवाई की और कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। घटना के बाद अतिरिक्त बलों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। शहीद सुरक्षा कर्मियों के शवों और घायलों को बाहर निकाल लिया गया है। घायलों का इलाज किया जा रहा है।







