नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा जी के साथ असम की भारतीय जनता पार्टी सरकार एवं टाटा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में गुवाहाटी में एक साथ 19 कैंसर असपतालों का शिलान्यास किया और इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम की भाजपा-नीत सर्बानंद सोनोवाल सरकार की राज्य के गरीबों के उत्थान एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि गाँव, गरीब, किसान, दलित, शोषित, आदिवासी, युवा एवं महिलाओं के जीवन का कल्याण ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकारों की प्राथमिकता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज असम में एक साथ कैंसर की तीनों कैटेगरी लेवल I, लेवल II और लेवल III में 19 कैंसर अस्पतालों का भूमि-पूजन हुआ है, यह मेरे लिए आनंद का विषय है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद असम की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का इससे बड़ा कदम कभी नहीं उठाया गया।
उन्होंने टाटा ट्रस्ट के चेयरमेन एवं प्रसिद्द उद्योगपति रतन टाटा को हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि आजादी के पहले से लेकर आज तक, देश की मूलभूत समस्याओं को सुलझाने में टाटा ट्रस्ट हमेशा से आगे रहा है और देश को सर्वप्रथम मानते हुए उसने अपनी महती भूमिका अदा की है।
शाह ने कहा कि असम में पिछले दो वर्ष से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है जबकि इससे पहले 15 वर्षों तक यहाँ कांग्रेस की सरकार रही, नॉर्थ-ईस्ट में भी ज्यादातर समय कांग्रेस की ही सरकारें रही। उन्होंने कहा कि आजादी के वक्त असम सहित पूरा नॉर्थ-ईस्ट हिंदुस्तान की जीडीपी में सबसे ज्यादा योगदान करता था लेकिन कांग्रेस की सरकारों के कुशासन और विकास के प्रति उदासीनता के कारण देश की जीडीपी में नॉर्थ-ईस्ट का योगदान लगातार गिरता चला गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आज फिर से एक ऐसा समय आया है जब असम सहित पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों में भाजपा सरकारों के कारण विकास की बयार चलनी शुरू हुई है जिससे नॉर्थ-ईस्ट फिर से देश की जीडीपी में अपने योगदान को गति प्रदान करने लगा है।
शाह ने कहा कि असम में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और राज्य की जनता ने विकास के लिए भाजपा को चुना तो देश और दुनिया में इस बात की चर्चा थी कि उत्तर-पूर्व के दुर्गम इलाकों का विकास कैसे होगा लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में दो ही वर्षों में राज्य और देश की जनता में विश्वास का संचार हुआ कि असम भी एक विकसित राज्य बन सकता है और देश की जीडीपी में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।







