180 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं
नई दिल्ली, 01 मई 2019: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान फेनी जोर पकड़ता जा रहा है और यह भारत के पूर्वी तट की ओर तीव्र रफ्तार के साथ बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि फेनी अगले छह घंटे में तेज हो जाएगा। इसके बाद के 24 घंटे के दौरान इसकी रफ्तार अत्यंत तीव्र हो जाएगी।
चक्रवाती तूफान फेनी पिछले छह घंटों के दौरान 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बंगाल की खाड़ी में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और इसका केंद्र चेन्नई से 810 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर और मछलीपट्टनम (आंध्रप्रदेश) से 950 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था।
बता दें कि तूफान ‘फनी’ इस वक्त दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर मंडरा रहा है लेकिन अगले कुछ घंटों में यह भयानक रूप ले सकता है। इस दौरान 180 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि यह आज बुधवार शाम तक उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है और 3 मई की दोपहर तक ओडिशा के तट पर पहुंच सकता है। इस दौरान केरल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के दक्षिण वाले इलाकों में बारिश हो सकती है।







