पटना, 28 नवंबर 2019 : पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2019 को लेकर जन अधिकार छात्र परिषद (जेएसीपी) और ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन (एआईएसएफ) का गठबंधन हो गया है, इसके तहत आज सेंट्रल पैनल में अध्यक्ष पद पर जेएसीपी के उम्मीदवार मनीष कुमार यादव ने नामांकन किया। वहीं, जेएसपी की ओर से संयुक्त सचिव के पद पर आमिर रजा ने पर्चा भरा। तो सेंट्रल पैनल में एआईएसएफ की ओर से उपाध्यक्ष के पद के लिए अनुश्री, महासचिव पद के लिए बबलू कुमार और कोषाध्यक्ष के लिए राहुल कुमार ने नामांकन किया।
इस मौके पर जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज़ अहमद ,एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता प्रेमचंद सिंह, राष्ट्रीय महासचिव अकबर अली परवेज, राष्ट्रीय महासचिव सह प्रभारी राजेश रंजन पप्पू, कार्यकारी अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, प्रदेश महासचिव शंकर पटेल, अरुण कुमार सिंह, जन अधिकार छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष विशाल कुमार, प्रधान महासचिव आजाद चांद, ईशा यादव, प्रिया राज, शशांक मोनू सहित छात्र परिषद के सभी प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष सहित अन्य नेतागण उपस्थित थे।
नामांकन के पूर्व जेएसीपी की ओर से एक विशाल जुलूस भी निकाला गया, जो पटना लॉ कॉलेज से शुरू होकर पटना विवि के तमाम कॉलेजों से होते हुए पटना वीमेंस कॉलेज पर खत्म हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एजाज अहमद ने कहा कि जन अधिकार छात्र परिषद और एआईएसएफ का गठबंधन बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देगा।
छात्र परिषद का गठबंधन देश व बिहार की राजनीति को बनायेगा व्यापक
जन अधिकार पार्टी (लो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि कोई भी चुनाव समाज निर्माण के लिए महत्वपूर्ण होता है, इसके माध्यम से मानवीय मूल्यों और बेहतर जिंदगी जीने के साथ-साथ हमें मुस्कुराने का एक बेहतरीन मौका देता है। आज सबसे बड़ी बात यह है कि समाज में संपूर्णता, नैतिकता और मानवीय मूल्य का अभाव है जिस कारण समाजशास्त्र का निर्माण नहीं हो पा रहा है,बिना समाजशास्त्र के निर्माण के राजनीति शास्त्र का निर्माण की बात करना बिल्कुल ही व्यर्थ है।







